बीकानेर जेल की सुरक्षा में फिर से सेंध!जेल प्रहरी की सतर्कता से पकड़ा गया संदिग्ध पैकेट, पढ़े खबर
बीकानेर,दैनिक खबरां । केन्द्रीय कारागृह बीकानेर में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार दोपहर जेल परिसर में संदिग्ध पैकेट मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, जेल प्रहरी लेखराज मीणा को शुक्रवार दोपहर करीब 12.30 बजे पुराना सुरक्षा वार्ड में ड्यूटी पर तैनात मुख्य प्रहरी राजेश ने वॉकी-टॉकी से सूचना दी कि वार्ड संख्या 40 के पास झाड़ियों की बाड़ के पीछे संदिग्ध पैकेट पड़े हैं।
सूचना पर तुरंत जेल प्रहरी हरकत में आए। इंचार्ज मुख्य प्रहरी कृष्ण कुमार मौके पर पहुंचे। जांच करने पर दो बंद पैकेट बरामद हुए। इनमें से एक पैकेट में चार गणेश छाप जर्दा 701, जबकि दूसरे पैकेट में पांच गणेश छाप जर्दा 701 के पाउच मिले। ये सभी जेल में निषिद्ध सामग्री की श्रेणी में आते हैं। घटना की सूचना जेल प्रशासन के उच्चाधिकारियों को दी गई है। अब यह जांच की जा रही है कि ये पैकेट जेल की बाड़ के पास कैसे और किसने फेंके। जेल के भीतर से या बाहर से मिलीभगत की भी संभावना से इंकार नहीं किया जा रहा। फिलहाल इस घटना को लेकर जेल प्रहरी लेखराज नें बीछवाल थाने में रिपोर्ट दी है जिसके बाद पुलिस नें मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा पर सवाल उठे
बीकानेर सेंट्रल जेल में पहले भी निषिद्ध सामग्री व मोबाईल मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में यह घटना एक बार फिर जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

