खुद की जगह दूसरी युवती को भेजा परीक्षा देने, दस हजार में सौदा, हुआ भंडाफोड़,पुलिस ने किया गिरफ्तार
दैनिक खबरां। वर्धमान महावीर कोटा ओपन यूनिवर्सिटी की बीए फर्स्ट ईयर एग्जाम में खुद की जगह पर फर्जी परीक्षार्थी बिठाने का मामला सामने आया है। जिसमें पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फर्जी परीक्षार्थी युवती को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 1 सितंबर को महिला पीजी कॉलेज में आयोजित परीक्षा से जुड़ी है। इस मामले की शिकायत कॉलेज के केंद्र अधीक्षक की और से प्रताप नगर थाना पुलिस में दर्ज मामले में की गई है। पुलिस ने आरोपी निरमा (26) पुत्री जगदीश राम विश्नोई निवासी मटोलचक खारा फलोदी हाल निवासी अशोक कॉलोनी कीर्ति नगर माता का थान को गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल,आरोपी निरमा ने अपनी जगह पर परीक्षा देने की लिए रामा पत्नी शंकरलाल गोदारा को बिठाया था। उसके पास चैकिंग के दौरान निरमा के आधार कार्ड में छेड़छाड़ कर खुद की फोटो लगाई थी। इसका खुलासा होने पर केंद्र अधीक्षक ने थाने में रिपोर्ट दी। इसके आधार पर पुलिस ने पूर्व में फर्जी परीक्षार्थी रामा को परीक्षा नियमों के उलंघन का मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया था।
बता दें कि महिला पीजी महाविद्यालय में 1 सितंबर को बी.ए फर्स्ट ईयर का एग्जाम था। सुबह 9 बजे से 12 बजे तक यह एग्जाम चल रहा था। इसमें निरमा की जगह मालम सिंह सीड की रहने वाली रामा नाम की लड़की परीक्षा दे रही थी। इसका पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जिसे थाने लाया गया। पूछताछ में सामने आया कि दूसरे की जगह एग्जाम देने की एवज में उसे 10 हजार रुपए मिलने वाले थे।
इसी रुपए के लालच में आकर युवती अन्य परीक्षार्थी की जगह पर परीक्षा देने के लिए पहुंची, लेकिन यहां इसका भंडाफोड़ हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर किया था। वहीं आरोपी निरमा फरार चल रही थी। पूछताछ में सामने आया की निरमा ने उसकी जगह एग्जाम देने के लिए रुपए देने का लालच दिया था। इसी लालच के चलते रामा उसकी जगह परीक्षा देने को तैयार हो गई थी।

