नयाशहर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ट्रेडिंग का झांसा देकर 25 लाख की ठगी,सेवानिवृत्त कर्मचारी बने शिकार

बीकानेर बीकानेर पुलिस

नयाशहर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ट्रेडिंग का झांसा देकर 25 लाख की ठगी,सेवानिवृत्त कर्मचारी बने शिकार

दैनिक खबरां,बीकानेर। शहर में साइबर ठगी के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। ताजा प्रकरण मुरलीधर व्यास कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त कर्मचारी कैलाश चंद्र श्रीमाली के साथ सामने आया है, जिसमें ऑनलाइन ट्रेडिंग का लालच देकर 25 लाख रुपये से अधिक की रकम हड़प ली गई।

पुलिस को दी रिपोर्ट के अनुसार कैलाश चंद्र श्रीमाली के मोबाइल पर 10 अक्टूबर को एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को नाइन प्रो कंपनी का मैनेजर बताते हुए नाम राज मल्होत्रा बताया और ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफा दिलाने का भरोसा दिलाया। उसके झांसे में आकर श्रीमाली ने पहले 22 हजार रुपये डिजिटल मोबाइल वर्ल्ड कंपनी के खाते में जमा करा दिए।

इसके बाद आरोपी ने लगातार फोन कर दबाव बनाया और अलग–अलग खातों में रुपये जमा कराने को कहा। शिकायत के अनुसार 28 अक्टूबर को पेरा शील्ड सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड के खाते में 5 लाख रुपये, 6 नवंबर को 10 लाख रुपये और 26 नवंबर को यादव इंजीनियरिंग के खाते में 10 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। इस तरह श्रीमाली कुल 25.22 लाख रुपये गंवा बैठे।मामले की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।