
बीकानेर में सरकारी अधिकारी पति पर पत्नी को जहर देकर हत्या का आरोप, दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज
दैनिक खबरां,बीकानेर। महिला पुलिस थाना बीकानेर में दहेज प्रताड़ना और विवाहिता की हत्या का गंभीर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार हनुमानगढ़ जिले के नेठराना निवासी 69 वर्षीय वेदप्रकाश प्रजापत ने रिपोर्ट देकर अपनी पुत्री मनीला की हत्या का आरोप उसके पति एवं ससुराल पक्ष पर लगाया है।
रिपोर्ट में बताया गया कि मनीला की शादी 23 नवंबर 2017 को झुंझुनूं जिले के बजावा निवासी सुनील कुमार के साथ हुई थी। विवाह में परिवार द्वारा करीब 35 तोला सोना, 500 ग्राम चांदी के आभूषण, आल्टो कार, नकद राशि सहित घरेलू सामान दिया गया था। आरोप है कि शादी के बाद भी पति सुनील कुमार, उसके माता-पिता तथा देवर सुमेरसिंह दहेज से संतुष्ट नहीं थे और अतिरिक्त नकदी व सोने की मांग को लेकर मनीला को प्रताड़ित करते थे। परिजनों के अनुसार सुनील कुमार वर्तमान में PHED प्रोजेक्ट नोखा में अधिशाषी अभियंता के पद पर कार्यरत है तथा बीकानेर की जयनारायण व्यास कॉलोनी में किराये के मकान में पत्नी के साथ रहता था।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी शराब के नशे में मनीला के साथ मारपीट करता था और जान से मारने की धमकी देता था। रिपोर्ट के अनुसार 25 मई 2026 की सुबह करीब तीन बजे मनीला ने अपनी बहन अनीता और बहनोई राजेश कुमार को फोन कर बताया कि उसे जहर पिला दिया गया है और उसकी तबीयत बिगड़ रही है। आरोप है कि इसी दौरान पति ने फोन छीनकर कॉल काट दी। सूचना मिलने पर परिजनों ने 108 और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। बाद में मनीला का शव पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
महिला पुलिस थाना ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर पति सुनील कुमार, मंजू देवी, सुमेरसिंह सहित अन्य के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की तफ्तीश उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आरपीएस अधिकारी संजीव चौहान को सौंपी गई है।

