बीकानेर में एमएसपी पर मूंगफली खरीद ठप, भ्रष्टाचार और फर्जी टोकन को लेकर बिशनाराम ने जताई नाराजगी

बीकानेर

बीकानेर में एमएसपी पर मूंगफली खरीद ठप, भ्रष्टाचार और फर्जी टोकन को लेकर बिशनाराम सियाग ने जताई नाराजगी

दैनिक खबरां,बीकानेर। जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर मूंगफली की खरीद प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद किसानों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राजफैड ने 18 अक्टूबर से पूरे राजस्थान में मूंगफली खरीद के लिए टोकन जारी करना शुरू किया, लेकिन बीकानेर में ऑनलाइन पंजीकरण की वेबसाइट बंद पड़ी है। इसको लेकर देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग नें कलेक्टर को पत्र लिखकर नाराजगी जताई है।

सियाग नें लिखा कि धनतेरस और दीपावली के त्योहारी सीजन में किसान ई-मित्र केंद्रों के बाहर धूप में लाइन में खड़े हैं। किसानों का कहना है कि वेबसाइट बंद होने से टोकन नहीं मिल पा रहे हैं और इस कारण वे अपनी फसल समर्थन मूल्य पर बेचने से वंचित हो रहे हैं।

सियाग ने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष भी एमएसपी खरीद में भ्रष्टाचार हुआ था और कुछ लोग ई-मित्र संचालकों से साठगांठ कर फर्जी तरीके से टोकन काट लेते थे। इस वर्ष भी वही स्थिति दोहराई जा रही है, जिससे जिले का कोटा फर्जी टोकनों से भर जाता है और असली अन्नदाता हताश रह जाता है।

देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रत्येक ई-मित्र केंद्र का कोटा निर्धारित किया जाए और जिलावार टोकन वितरण एवं खरीद की सूची प्रत्येक केंद्र पर चस्पा की जाए। उन्होंने सरकार और राजफैड अधिकारियों से वेबसाइट को तुरंत सुचारु करने और किसानों को राहत देने की अपील की। सियाग ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो किसानों को मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।