पत्नी की दूसरी शादी से बौखलाए पति ने साले की नाक काटी,घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती
दैनिक खबरां। जोधपुर जिले के लूणी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पत्नी की दूसरी शादी से नाराज एक युवक ने अपने ही साले पर जानलेवा हमला कर दिया और धारदार हथियार से उसकी नाक काट दी।
घटना लूणी थाना इलाके के फिंच गांव की है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सहीराम की शादी बचपन में ही तय हो गई थी, लेकिन गौना नहीं हो पाया। करीब चार महीने पहले उसकी पत्नी ने आर्य समाज के माध्यम से किसी अन्य युवक से विवाह कर लिया।
इस दूसरी शादी को लेकर सहीराम को शक था कि इसमें उसके साले अशोक की भूमिका रही है। इसी बात को लेकर वह लंबे समय से अशोक से रंजिश रखे हुए था। शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे, मौका पाकर सहीराम ने अशोक पर अचानक हमला कर दिया और धारदार हथियार से उसकी नाक काट दी। हमले में गंभीर रूप से घायल अशोक को तत्काल इलाज के लिए जोधपुर एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
वीडियो बनाकर दी जानकारी
घटना के बाद आरोपी सहीराम ने खुद का परिचय देते हुए एक वीडियो भी बनाया, जिसमें उसने घटना से जुड़े अपने पक्ष को बताया। वीडियो में वह पटना से जुड़ी कुछ जानकारी देता हुआ भी नजर आ रहा है। यह वीडियो अब पुलिस के संज्ञान में है।
पुलिस कर रही तलाश
मामले को लेकर लूणी थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और वीडियो समेत अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं।

