खेत से मिला 9550 किलो विस्फोटक, आरोपी गिरफ्तार, केंद्रीय एजेंसियां अलर्ट

नागौर राजस्थान विविध समाचार

दैनिक खबरां। राजस्थान में अवैध विस्फोटकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस ने एक खेत से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नागौर पुलिस नें की है।
नागौर पुलिस को सूचना मिली थी कि थांवला थाना क्षेत्र की सरहद हरसौर इलाके में एक खेत में अवैध रूप से विस्फोटक जमा कर रखे गए हैं। इनपुट के आधार पर डीएसटी टीम के साथ थाना पुलिस ने शनिवार रात दबिश दी। तलाशी के दौरान खेत से 9550 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया गया, जिसे 187 कट्टों में भरकर रखा गया था।


कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सुलेमान खान (50) पुत्र करीम खान को मौके से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि हरसौर क्षेत्र में अवैध विस्फोटक संग्रहण की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद दबिश देकर आरोपी को पकड़ा गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह विस्फोटक सामग्री वैध व अवैध माइनिंग कार्यों के लिए उपलब्ध करवाई जा रही थी।
मौके से अमोनियम नाइट्रेट के साथ-साथ बड़ी मात्रा में डेटोनेटर और फ्यूज वायर भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने 9 कार्टून डेटोनेटर, 12 कार्टून व 15 बंडल नीली बत्ती वायर, 12 कार्टून व 5 बंडल लाल बत्ती वायर, इसके अलावा गुल्ले और लकड़ी के कार्टून में रखे अन्य विस्फोटक उपकरण भी बरामद किए हैं।


पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही इस संबंध में केंद्रीय एजेंसियों को भी सूचना दी गई है, जो आरोपी से अलग से पूछताछ करेंगी। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई थी और इसका इस्तेमाल किन स्थानों पर किया जाना था।
बताया जा रहा है कि राजस्थान में विस्फोटक बरामदगी की यह कार्रवाई अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक हो सकती है।