बुजुर्ग और बेटे पर लाठी-डंडों से हमला, आठ नामजद आरोपियों पर मामला दर्ज
दैनिक खबरां, बीकानेर। जेएनवीसी थाना क्षेत्र के शिवबाड़ी इलाके में एक बुजुर्ग और उसके बेटे पर लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में प्रार्थी 70 वर्षीय मदन मोहन पुत्र मुलचंद रेगर निवासी सरकारी स्कूल के पास, शिवबाड़ी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
प्रार्थी ने जेएनवीसी थाने में शुक्रवार को दी रिपोर्ट में बताया कि 22 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे वह अपने घर पर था। इसी दौरान मनीष कुमार, वीरेंद्र, प्रशांत, मुन्नी देवी, नीशा, अनिशा, जिवराज पुत्र जुगल किशोर, सुनील पुत्र अशोक कुमार सहित अन्य लोग लाठी-डंडे लेकर उसके घर में घुस आए और उस व उसके पुत्र प्रमोद के साथ मारपीट की। प्रार्थी के अनुसार, सभी आरोपी पुराने मुकदमे के चलते उससे रंजिश रखते हैं और अक्सर गाली-गलौज करते हैं। घटना के बाद जाते-जाते उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक भवानीदान को सुपुर्द की है।

