सुबह-सुबह छापेमारी से हड़कंप! कई जिलों में ACB की एक साथ बड़ी कार्रवाई
दैनिक खबरां,जयपुर। बुधवार सुबह-सुबह प्रदेशभर में ACB (एंटी करप्शन ब्यूरो) की बड़ी कार्रवाई की जानकारी सामने आई है। एसीबी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक साथ एक दर्जन से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की है।
जानकारी के अनुसार, कार्रवाई पंचायतीराज विभाग में कार्यरत XEN और एसोसिएट प्रोफेसर रामवतार मीणा के ठिकानों पर की जा रही है। एसीबी की टीमें जयपुर, उदयपुर, गंगापुरसिटी, करौली और सवाई माधोपुर सहित कई जिलों में सर्च ऑपरेशन में जुटी हैं।
प्रारंभिक जांच में 115 प्रतिशत से अधिक आय से अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ है। छापेमारी का नेतृत्व एसीबी की कार्यवाहक डीजी स्मिता श्रीवास्तव के निर्देश पर किया जा रहा है, जबकि डीआईजी आनंद शर्मा स्वयं पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। साथ ही इंटेलिजेंस के एडिशनल एसपी हिमांशु कुलदीप और एएसपी भूपेंद्र चौधरी भी सर्च अभियान की देखरेख कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, तलाशी अभी जारी है और एसीबी को और भी बड़ी संपत्तियों के दस्तावेज व नकदी बरामद होने की उम्मीद है।

