गैंगस्टर के नाम पर इस बड़े डॉक्टर से 5 करोड़ की फिरौती, धमकी- ‘नागौर वाले व्यापारी जैसा हाल कर देंगे’
दैनिक खबरां, बीकानेर। बीकानेर संभाग अब गैंगस्टरों के निशानो पर है, जंहा आए दिन फिरौती की घटनाएं सामने आने लगी है। इसी कड़ी में संभाग के श्रीगंगानगर के प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन डॉ. दीपक आनंद को गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई है। विदेशी नंबर से आई वॉट्सऐप कॉल पर डॉक्टर को धमकी दी गई कि अगर रकम नहीं दी तो उनके आनंद हॉस्पिटल को बंद करवा देंगे और नागौर के कुचामन में व्यापारी जैसा हाल करेंगे। धमकी से सहमे डॉक्टर ने तत्काल पुलिस में शिकायत दी। जिस पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, एसपी अमृता दुहन ने डॉक्टर की सुरक्षा को देखते हुए एक गनमैन तैनात कर दिया है।
विदेशी नंबर से आई कॉल, वॉयस मैसेज में दी धमकी
डॉक्टर दीपक आनंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया
7 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे उनके वॉट्सऐप पर विदेशी नंबर से ‘हैलो’ का मैसेज आया, फिर उसी नंबर से कॉल भी आई। जब उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की तो सामने वाले ने वॉयस मैसेज भेजकर 5 करोड़ की फिरौती मांगी।
डॉक्टर ने बताया कि धमकी देने वाले ने कहा “अगर पैसे नहीं दिए तो तुम्हारे हॉस्पिटल का वही हाल करेंगे, जैसा नागौर के व्यापारी के साथ हुआ।”
पुलिस जांच में जुटी, गैंग के विदेशी नेटवर्क पर शक
पुलिस अब उन विदेशी नंबरों की तकनीकी जांच कर रही है, जिनसे धमकी दी गई थी। प्राथमिक जांच में संभावना जताई जा रही है कि यह काम रोहित गोदारा गैंग के किसी सक्रिय सदस्य या समर्थक का हो सकता है, जो विदेश में बैठकर फिरौती कॉल कर रहे हैं।
परिवार में दहशत,पुलिस नें सुरक्षा बढ़ाई
धमकी के बाद से डॉ. आनंद और उनका परिवार दहशत में है। उन्होंने एसपी से मुलाकात कर सुरक्षा मांगी, जिस पर मंगलवार को एक गनमैन उनके साथ तैनात कर दिया गया है।

