



भारी बारिश की चेतावनी के चलते बीकानेर में स्कूल और कोचिंग संस्थान दो दिन रहेंगे बंद
बीकानेर, दैनिक खबरां । राजस्थान मौसम विभाग, जयपुर द्वारा भारी वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के मद्देनज़र बीकानेर जिला प्रशासन ने अहम फैसला लिया है। जिला कलक्टर कार्यालय से जारी आदेशानुसार बीकानेर जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों, कक्षा प्री-प्राइमरी से लेकर 12वीं तक के समस्त राजकीय एवं निजी विद्यालयों तथा कोचिंग संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए 1 और 2 अगस्त 2025 को अवकाश घोषित किया गया है।
हालांकि, इन दो दिनों के दौरान विद्यालय, आंगनबाड़ी और कोचिंग संस्थानों का समस्त स्टाफ यथावत रूप से कार्यरत रहेगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई संस्थाप्रधान इस निर्देश की अवहेलना करता पाया गया तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश सक्षम स्तर से अनुमोदित है और जिले के सभी शिक्षण संस्थानों को इसकी अनुपालना सुनिश्चित करनी होगी।

