कांग्रेस की दूसरी ‘ज्योति’ ने भी छोड़ा साथ, बीजेपी में शामिल होते ही बदले सुर

जयपुर राजनीति राजस्थान राज्य

कांग्रेस की दूसरी ‘ज्योति’ ने भी छोड़ा साथ, बीजेपी में शामिल होते ही बदले सुर

जयपुर। प्रदेश कांग्रेस पार्टी की दूसरी ‘ज्योति’ भी अब भाजपा के पाले में चली गई है। वर्षों तक कांग्रेस पार्टी के साथ जुड़ी रहीं जयपुर की पूर्व मेयर ने शनिवार को ‘हाथ’ का साथ छोड़ ‘कमल’ थाम लिया। इससे पहले पिछले महीने ही कद्दावर नेत्री माने जाने वाली ज्योति मिर्धा ने भी कांग्रेस छोड़कर बीजेपी ज्वाइन की थी।

पाला बदलते ही बदले बोल
ज्योति मिर्धा की ही तरह ही ज्योति खंडेलवाल ने भी भाजपा ज्वाइन करते ही कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जमकर ‘शब्द बाण’ चलाए। जो नेत्रियां कभी कांग्रेस पार्टी की रीती-नीति और इतिहास को नज़ीर बताते नहीं थकती थीं, वो दल बदलकर भाजपा में शामिल होते ही कांग्रेस पर हमलावर रहीं। दोनों ही नेत्रियों ने कांग्रेस पर कार्यकर्ताओं की उपेक्षा के आरोप लगाए।
निष्ठावान कार्यकर्ताओं की हो रही उपेक्षा : ज्योति खंडेलवाल
भाजपा की सदस्यता लेने के बाद ज्योति खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस में लगातार देखने में आ रहा था कि जो कार्यकर्ता निष्ठा से पार्टी को मजबूत करने का काम कर रहे थे, उनकी उपेक्षा हो रही थी। एक व्यक्ति विशेष जो गलत या सही हो, उसे आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा था। नेतृत्व के सामने यह सबकुछ हो रहा था, इसके बाद भी वह समझौता करने की स्थिति में था।
विपरीत दिशा में चल रही कांग्रेस: ज्योति मिर्धा
ज्योति खंडेलवाल से पहले पिछले महीने 11 सितंबर को ज्योति मिर्धा ने नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में सदस्यता ग्रहण की थी। इस मौके पर ज्योति मिर्धा ने भी कांग्रेस पार्टी की कार्यशैली पर की थी। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस विपरीत दिशा में चल रही है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को एक नया विजन दिया है।
एक को मिला टिकट, दूसरी पर सस्पेंस
भाजपा में शामिल होने के कुछ दिनों बाद ही ज्योति मिर्धा को पार्टी ने टिकट थमा दिया। उन्हें नागौर से अधिकृत प्रत्याशी बनाया गया है। इधर, जयपुर की ज्योति खंडेलवाल को भी भाजपा से टिकट थमाकर चुनाव मैदान में उतारे जाने की चर्चा है। हालिया ज्वाइन ज्योति को जयपुर की हवामहल सीट से भाजपा टिकट थमा सकती है।
दोनों ज्योति के पास ‘डॉ’ उपाधि
कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थामने वाली दोनों ‘ज्योति’ डॉक्टरेट उपाधि (पीएचडी) लिए हुए हैं। ऐसे में अब डॉ ज्योति खंडेलवाल और डॉ ज्योति मिर्धा दोनों भाजपा नेत्री हो गई हैं।