ट्रक में घुसी कार, दो बहनों समेत 4 की मौत, हाईवे पर मची चीख-पुकार
पाली। नेशनल हाईवे-162 पर टायर फटने से कार बेकाबू होकर ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर के बाद कार पलट गई। हादसे में कार सवार दो बहनों समेत 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि भाई-बहन सहित तीन घायल है। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। घायलों को सुमेरपुर हॉस्पिटल भर्ती करवाया गया है। हादसा शाम 5.30 बजे पाली के सुमेरपुर से 2 किलोमीटर दूर नेतरा गांव में हुआ।
SHO भारत सिंह ने बताया- पाली जिले के कोसेलाव (तखतगढ़) निवासी अरुणा मेघवाल (23) उसकी छोटी बहन कंचन मेघवाल (20), गुड़िया गांव निवासी मोहनलाल मेघवाल (24) और पावा गांव निवासी महेंद्र (25) मेघवाल की मौत हो गई। वहीं कोसेलाव (तखतगढ़) निवासी प्रतिज्ञा मेघवाल (8) और उसका भाई प्रकाश मेघवाल(15) और दुजाना हाल कोसेलाव निवासी हितेश (18) घायल हो गए।
रिवर फ्रंट घूमने गए थे
बताया जा रहा कि कार टायर फटने से अंसतुलित होकर डिवाइडर क्रॉस कर सामने से आ रहे ट्रक से टकराई। फिर सड़क पर कई बार पलटी खाकर रुकी। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। कार का फाटक टूटने से तीन-चार लोग उछलकर सिर के बल सड़क पर गिर गए। ये लोग कोसेलाव से कार से शिवगंज के रिवर फ्रंट घूमने गए थे। कार महेंद्र मेघवाल चला रहा था। हादसे की जानकारी मिलने पर कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, कांग्रेस नेता हरिशंकर मेवाड़ा भी हॉस्पिटल पहुंचे और घायलों से कुशलक्षेप पूछी।
हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाकर यातायात सुचारु कराया।

