



नांकाबंदी तोड़कर पुलिस वाहन को मारी टक्कर, डोडा पोस्त से भरी कार में लगाई आग — आरोपी गिरफ्तार
बीकानेर,दैनिक खबरां। रविवार को थाना दंतौर क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात हुई, जहां आरोपी ने नाकाबंदी तोड़ते हुए पुलिस वाहन 112 को टक्कर मारी और जान से मारने की नियत से कार को पुलिस दल पर चढ़ाने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपी वाहन लेकर भाग गया, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
घटना कच्चे रास्ते आम रोही चक 14 पीबी प्रभुराम मेघवाल की ढाणी के पास की है, जहां आरोपी की स्विफ्ट कार (नंबर HR15F1787) रास्ते में फंस गई। फंसने के बाद आरोपी ने गाड़ी के पिछले फाटक को खोलकर जानबूझकर लाईटर से आग लगा दी, जिससे कार में रखा डोडा पोस्त सहित पूरा वाहन जलकर राख हो गया।
इस घटना को लेकर थानाधिकारी दंतौर जेठाराम ने मामला दर्ज करवाया। आरोपी की पहचान श्याम उर्फ श्यामसुन्दर पुत्र सोनाराम बिश्रोई (उम्र 26 वर्ष), निवासी लक्ष्मण नगर, चाडी, थाना भोजासर, जिला फलोदी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर हवालात में बंद कर दिया है। मामले की जांच थानाधिकारी खाजूवाला सुरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में की जा रही है। पुलिस द्वारा डोडा पोस्त तस्करी के इस नेटवर्क की कड़ियों की भी जांच की जा रही है।

