



निर्माण कार्य में तोड़फोड़ कर सरपंच को निकाली गालियां, सीमेंट के कट्टे लूटकर दी धमकी “मुकदमा किया तो अंजाम बुरा होगा”
दैनिक खबरां, बीकानेर। नोखा थाना क्षेत्र के कंवलीसर गांव में रविवार को पंचायत कार्य के दौरान सरपंच के साथ मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत कंवलीसर के प्रशासक/सरपंच नेमीचन्द पुत्र सुगनाराम मेघवाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि गांव में सीसी ब्लॉक निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान आरोपी नेमसिंह पुत्र रामसिंह, गजेसिंह पुत्र मालसिंह, छेलूसिंह पुत्र जगमालसिंह, राजूसिंह पुत्र सुरजनसिंह समेत चार-पांच अन्य व्यक्ति मौके पर पहुंचे और निर्माणाधीन सीसी ब्लॉक तोड़ने लगे।
चौकीदार द्वारा रोकने पर भी नहीं माने तो सूचना मिलने पर सरपंच नेमीचन्द मौके पर पहुंचे। सरपंच द्वारा रोकने का प्रयास करने पर आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों से गाली-गलौज शुरू कर दी और सीमेन्ट के 9 कट्टे जबरन पिकअप में डालकर ले गए। जाते-जाते आरोपियों ने सरपंच को धमकी दी कि यदि उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया तो इसका अंजाम बहुत बुरा होगा।
मामले की जांच सीओ नोखा जनरैल सिंह (RPS) द्वारा की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जातिसूचक गालियां देने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, चोरी और धमकी देने के प्रकरण में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

