ड्यूटी से लापता कांस्टेबल का शव नहर में मिला, हादसे की जांच जारी..

बीकानेर

ड्यूटी से लापता कांस्टेबल का शव नहर में मिला, हादसे की जांच जारी..

बीकानेर@दैनिक खबरां। हनुमानगढ़ जिले के पल्लू क्षेत्र स्थित खुइयां पुलिस थाने में कार्यरत कांस्टेबल बेगराज गढ़वाल का शव गुरुवार सुबह कुंभाराम आर्य लिफ्ट कैनाल नहर से बरामद हुआ। यह नहर थाने के सामने से ही गुजरती है।

थाना प्रभारी राजपाल सिंह के अनुसार, कांस्टेबल बेगराज गढ़वाल बुधवार सुबह ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे। जब वे दिनभर गायब रहे, तो उनकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान उनके पैरों के निशान नहर की ओर जाते हुए मिले और पास में उनकी चप्पल भी पड़ी मिली।

सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों, स्थानीय लोगों और हनुमानगढ़ व नोहर से बुलाए गए गोताखोरों की टीम ने तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद गुरुवार सुबह करीब 11 बजे कांस्टेबल का शव नहर के भीतर दलदल में फंसा मिला। शव को बाहर निकालकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम करवाया गया। कांस्टेबल के बेटे नितिन कुमार ने खुइयां थाने में मर्ग दर्ज करवाई है।

प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि कांस्टेबल का पैर फिसलने के कारण वे नहर में गिर गए होंगे। हालांकि, नहर में गिरने के सही कारणों की जांच अभी जारी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।