
अलसुबह बड़ा हादसा: सब्जियों से भरी पिकअप अज्ञात वाहन से टकराई, चालक पीबीएम रेफर
दैनिक खबरां, बीकानेर। सब्जियों से भरी पिकअप सोमवार अलसुबह हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार छतरगढ़ क्षेत्र के लाखूसर गांव के पास पिकअप आगे चल रहे किसी अज्ञात वाहन से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन में फंस गया।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने काफी प्रयास कर चालक को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद घायल चालक रविंदर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि पिकअप छतरगढ़ क्षेत्र से बीकानेर की तरफ आ रही थी और उसमें सब्जियों के केरेट भरे हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि वाहन बीकानेर मंडी जा रहा था। दुर्घटना के बाद पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

