बीकानेर: पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, मां-बेटों पर जानलेवा हमला

Bikaner Rajasthan

बीकानेर में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, मां-बेटों पर जानलेवा हमला

दैनिक खबरां। बीकानेर जिले के शेरूणा थाना क्षेत्र के राजेडू गांव में पारिवारिक विवाद के चलते मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। इस संबंध में राजेडू निवासी 36 वर्षीय सुशील पुत्र सुरजाराम जाट ने पुलिस थाना शेरूणा में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।


रिपोर्ट के अनुसार 23 मई 2026 की शाम करीब 6 बजे प्रार्थी की मां घर पर अकेली थीं। आरोप है कि मानाराम पुत्र रामकरण, उसकी पत्नी कमला, शांति पत्नी रेवंतराम तथा देवीलाल, जयकिशन, पुनमचंद्रा उर्फ गुड्डी, समला और रामेश्वर उर्फ रामा पुत्र मालाराम ने एकजुट होकर उनकी मां पर हमला कर दिया। इस दौरान गले से दो सोने के फुलड़े छीनने का भी आरोप लगाया गया है।


शिकायत में बताया गया कि घटना के समय सुशील और उसका भाई ओमप्रकाश घर से बाहर गए हुए थे। घर लौटने पर मां की चीख-पुकार सुनकर दोनों बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी धारदार हथियारों से हमला कर दिया। आसपास के लोगों और पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।


पुलिस ने दोनों घायलों का मेडिकल परीक्षण करवाया, जिसमें सुशील के सिर, हाथ और पैर में चोटें पाई गईं, वहीं ओमप्रकाश के सिर, पैर, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटों के निशान मिले।
शेरूणा पुलिस ने मामला दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीबद्ध कर जांच एएसआई आवड़दान को सौंपी है।