बीकानेर पुलिस का बड़ा एक्शन, तीन थानों की कार्रवाई में दर्जनों फरार बदमाश गिरफ्तार, अपराधियों में मचा हड़कंप
दैनिक खबरां,बीकानेर। बीकानेर रेंज आईजी हेमन्त शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर पुलिस ने सोमवार को अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जिले के तीन थानों शेरूणा, मुक्ताप्रसाद नगर और बीछवाल ने एक साथ मोर्चा खोलते हुए भगोड़े, स्थायी वारंटी और अवैध शराब के मामलों में 20 से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
आईजी के आदेश पर शुरू हुए इस सघन अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक बीकानेर कावेन्द्र सिंह सागर ने किया। अभियान में ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की पुलिस ने समन्वय के साथ दबिशें दीं और फरार अपराधियों को पकड़कर यह साबित कर दिया कि अब कोई भी अपराधी कानून की पकड़ से बाहर नहीं रहेगा।
शेरूणा थाने की टीम ने थानाधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में तीन स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया। जिसमें जयराम पुत्र रघुनाथ निवासी बासडी (सीकर), इमरान पुत्र भाकुर खां और मोहम्मद अजद्वदीन पुत्र अहमद अमीर (दोनों निवासी नोहर, जिला हनुमानगढ़)। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कैलाशसिंह सान्दू और वृताधिकारी श्रीडूंगरगढ़ निकेत कुमार पारीक के सुपरविजन में की गई।

मुक्ताप्रसाद नगर थाने की टीम ने थानाधिकारी विजेन्द्र कुमार सीला के नेतृत्व में ताबड़तोड़ दबिशें देकर अवैध शराब सहित एक आरोपी ध्रुपतराम पुत्र बशीष्ट राम (मूल निवासी बिहार, हाल आजाद नगर बीकानेर) को पकड़ा। वहीं वांछित आरोपी गोपीराम भार्गव पुत्र प्रभुराम भार्गव निवासी बंगलानगर को दस्तयाब किया गया। साथ ही स्थायी वारंटी गोपीकिशन पुत्र मघाराम सुथार और किसनलाल स्वामी तथा गिरफ्तारी वारंटी रामलाल पुत्र रुघदास स्वामी को भी गिरफ्तार किया गया। थाने की दो टीमों ने यह कार्रवाई अति. पुलिस अधीक्षक शहर सौरभ तिवाड़ी और वृताधिकारी श्रवणदास संत के सुपरविजन में की।

बीछवाल थाना भी अभियान में पीछे नहीं रहा। थानाधिकारी गोविन्द सिंह चारण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वर्षों से फरार दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया। जिसमें रामेश्वर पुत्र गणेशाराम निवासी मकडासर (थाना लूणकरणसर) और शौकत अली पुत्र जमाल खान निवासी अबासिया कॉलोनी, बीकानेर। दोनों आरोपी वर्षों से फरारी काट रहे थे और कई मामलों में न्यायालय से स्थायी वारंट जारी थे। बीछवाल थाना अब तक इस अभियान में कुल 10 वारंटों का निस्तारण कर चुका है।

आईजी हेमन्त शर्मा के सख्त निर्देशों और SP कावेन्द्र सिंह सागर की मॉनिटरिंग में चली इस कार्रवाई ने अपराधियों के बीच हड़कंप मचा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी फरार या वांछित अपराधी को अब बख्शा नहीं जाएगा ।

