बीकानेर में 13 से 14 नवम्बर तक होगी राजस्थान साइक्लिंग टीम चयन स्पर्धा — राष्ट्रीय रोड साइक्लिंग चैंपियनशिप 2025 के लिए होंगे खिलाड़ी चयनित
दैनिक खबरां,बीकानेर। आगामी राष्ट्रीय रोड साइक्लिंग चैंपियनशिप 2025, जो सम्बलपुर (उड़ीसा) में आयोजित की जाएगी, के लिए राजस्थान टीम चयन स्पर्धा बीकानेर में आयोजित होगी। अंतरराष्ट्रीय कोच दयालाराम (महाराणा प्रताप अवॉर्डी) ने बताया कि भारतीय साइक्लिंग संघ के अध्यक्ष पंकज सिंह एवं सेक्रेटरी मनिंदरपाल सिंह के निर्देश अनुसार यह चयन प्रतियोगिता 13 से 14 नवम्बर 2025 तक बीकानेर में आयोजित की जाएगी।
इस प्रतियोगिता का आयोजन राजस्थान साइक्लिंग चयन समिति के तत्वावधान में होगा। इसमें प्रदेशभर से लगभग 250 बालक और बालिकाएं पांच वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। विशेष बात यह है कि इस स्पर्धा में कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के साइक्लिस्ट भी हिस्सा लेंगे, जिससे मुकाबला रोमांचक रहेगा। बीकानेर में इस तरह की राज्य स्तरीय चयन स्पर्धा आयोजित होना खेल प्रतिभाओं के लिए बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से प्रदेश के उभरते साइक्लिस्टों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा मौका मिलेगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी अपनी प्रविष्टि गूगल फॉर्म अथवा राजेन्द्र कुमार शर्मा (मो. 9414241365) के माध्यम से 11 नवम्बर 2025 शाम 5 बजे तक जमा करवा सकते हैं। यह चयन स्पर्धा न केवल प्रदेश के साइक्लिस्टों के लिए एक अहम मंच होगी, बल्कि बीकानेर के खेल इतिहास में एक और उपलब्धि जोड़ने वाली साबित होगी।

