बीकानेर: देर रात को जीजा के घर में घुसकर साले व उसके साथियों नें तलवार– डंडों से किया हमला, जीजा गंभीर घायल, बहन के साथ भी हुई हाथापाई
दैनिक खबरां,बीकानेर। रामपुरा बस्ती में जीजा पर साले व उसके साथियों द्वारा तलवार और डंडों से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना शहर के मुक्ता प्रसाद थाना क्षेत्र से जुड़ी हुई है। इस संबंध में परिवादिया सपना कंवर पत्नी गजेंद्र सिंह उर्फ पीयूष, निवासी गली नंबर 17 रामपुरा बस्ती की रिपोर्ट पर पुलिस नें मामला दर्ज किया है।
परिवादिया सपना कंवर ने पुलिस को बताया कि घटना 18 नवंबर मंगलवार की रात 11 बजे की है। वह और उनका पति गजेंद्र घर पर सो रहे थे। इसी दौरान उसका भाई अजीत घर आया और उसने पीयूष से कुछ देर बातचीत की। इसी दौरान अजीत के मोबाइल पर किसी का फोन आया, जिस पर उसने सामने वाले को कहा कि “पीयूष के घर आ जाओ।”
थोड़ी देर बाद रामोतार स्वामी, सोनू शेखावत, गणेश सांखला, पंकज समेत अन्य युवक तलवार और डंडों से लैस होकर घर पर आ धमके। आते ही आरोपियों ने गजेंद्र पर हमला कर दिया। पत्नी सपना बीच बचाव के लिए आगे आई तो उसके साथ भी हाथापाई की गई। हमले में गजेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर पर सात टांके आए हैं और हाथ–पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। आरोपियों पर मोबाइल फोन भी साथ ले जाने का आरोप है। पीड़िता ने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने परिवाद के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई हनुमान सिंह को सौंपी गई है।

