शहर के इस क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास मिला अज्ञात युवक का शव, मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी
बीकानेर,दैनिक खबरां । गंगाशहर थाना क्षेत्र में जोड़बीड़ भेरूजी मंदिर रोड स्थित रेलवे ट्रैक के पास आज सुबह करीब 8 बजे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक ट्रेन की चपेट में आने से हादसे का शिकार हुआ होगा । घटना की सूचना मिलते ही ख़िदमतगार ख़ादिम सोसाइटी और असहाय सेवा संस्थान की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुँची। सोयब, मोहम्मद जुनैद खान और राजकुमार खड़गावत ने एम्बुलेंस के साथ पहुँचकर गंगाशहर थाना पुलिस के एएसआई गणेश को सहयोग दिया। पुलिस की देखरेख में शव को पीबीएम अस्पताल ले जाकर डॉक्टरी जांच करवाई गई तथा बाद में शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया। सेवादारों में ख़िदमतगार ख़ादिम सोसाइटी: हाजी जाकिर, हाजी नसीम, सोयब भाई व असहाय सेवा संस्थान: राजकुमार खड़गावत, मोहम्मद जुनैद, मलंग बाबा आदि का सहयोग रहा। पुलिस मृतक की पहचान एवं घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

