
आम आदमी को फिर झटका: आज फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, जाने कितना हुआ इजाफा
दैनिक खबरां । राजस्थान में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बड़ी बढ़ोतरी कर दी गई है। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच ईंधन के दामों में हुई इस नई वृद्धि ने आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अनुसार जयपुर सहित कई शहरों में पेट्रोल और डीजल के दामों में भारी इजाफा हुआ है।
जयपुर में पेट्रोल की कीमत में ₹2.82 प्रति लीटर और डीजल में ₹2.73 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद राजधानी जयपुर में पेट्रोल की कीमत ₹109.84 से बढ़कर ₹112.66 प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि डीजल ₹95.05 से बढ़कर ₹97.78 प्रति लीटर हो गया है।
वहीं बीकानेर में भी ईंधन की कीमतों ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। यहां पेट्रोल की कीमत ₹114.15 प्रति लीटर और डीजल ₹99.29 प्रति लीटर तक पहुंच गई है। लगातार बढ़ती कीमतों से वाहन चालकों, परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों और आम उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ती जा रही है।
मई महीने में चौथी बार बढ़े दाम
इस महीने पेट्रोल और डीजल के दामों में यह चौथी बढ़ोतरी है। पिछले कुछ दिनों में लगातार ईंधन महंगा होने से लोगों का मासिक बजट बिगड़ने लगा है।
अब तक हुई बढ़ोतरी
- 25 मई : पेट्रोल ₹2.61 और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा
- 23 मई : पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा
- 19 मई : पेट्रोल-डीजल दोनों में औसतन 90 पैसे की बढ़ोतरी
- 15 मई : दोनों ईंधनों में करीब ₹3 प्रति लीटर का इजाफा
लगातार बढ़ रही कीमतों का असर अब बाजार में भी दिखाई देने लगा है। परिवहन लागत बढ़ने से रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। आम लोगों का कहना है कि पहले से महंगाई की मार झेल रहे परिवारों के लिए ईंधन के बढ़ते दाम बड़ी परेशानी बनते जा रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों और टैक्स संरचना के कारण घरेलू बाजार में पेट्रोल-डीजल महंगा हो रहा है। अगर यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में आम जनता को और अधिक महंगाई का सामना करना पड़ सकता है।

