बीकानेर संभाग/ दो प्रेमी युवक एक ही प्रेमिका से कर रहे थे डेट,पता चलने पर प्यार में अंधे एक प्रेमी ने दिल्ली ले जाकर किया काम तमाम..
बीकानेर संभाग के चूरू जिले से दो युवकों को दिल्ली के करोल बाग से आई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस का आरोप है कि दोनों युवकों ने दिल्ली के एक युवक की हत्या कर शव नाले में फेंक दिया था। मृतक युवक आरोपी की प्रेमिका के संपर्क में था जिसके चलते उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।
करोल बाग थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दीपावली की रात इलाके के रहने वाले विष्णु की लाश धौला कुआं क्षेत्र के एक नाले में मिली थी। उसकी हत्या गला दबाकर की गई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू तो पता चला कि विष्णु बीते कुछ दिन से चुरू में रहने वाली एक युवती और युवक के संपर्क में था। मृतक के कॉल डिटेल से निकाले गए नंबर की पहचान संजय नाम के युवक के रूप में हुई। बुधवार को दिल्ली से चूरू आई पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी युवक ने पुलिस को बताया कि विष्णु और वह चूरू की रहने वाल एक युवती के संपर्क में थे। दोनों एक ही लड़की को डेट कर रहे थे। संजय ने कॉल कर विष्णु से कहा कि वह युवती से बात ना करे, लेकिन वह नहीं माना। उसने विष्णु को मिलने के लिए चूरू बुलाया, लेकिन उसने आने से मना कर दिया। जिसके बाद दीपावली पर संजय अपने दोस्त के साथ उससे मिलने के लिए दिल्ली चला गया।
धौलाकुआं इलाके में तीनों ने मुलाकात की और वहां बैठकर शराब भी पी। इस दौरान संजय ने विष्णु से कहा कि वह उसकी प्रेमिका से बात करना बंद कर दे, लेकिन उसने इस बात से साफ मना कर दिया। जिसे लेकर दोनों में विवाद हो गया। इसके बाद संजय और उसके साथी ने विष्णु के साथ जमकर मारपीट की और फिर गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उन्होंने एक नाले में शव फेंक दिया और वापस चुरू आ गए। बुधवार को दिल्ली से आई पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

