बीकानेर संभाग: ड्रोन से फिर घुसाई हेरोइन, खेत से मिला पीला पैकेट, कीमत करीब ढाई करोड़ रुपए

बीकानेर राजस्थान श्रीगंगानगर

बीकानेर संभाग: ड्रोन से फिर घुसाई हेरोइन:खेत से मिला पीला पैकेट, कीमत करीब ढाई करोड़ रुपए

दैनिक खबरां, बीकानेर। बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर में भारत-पाक सीमा से लगे श्रीकरणपुर सेक्टर में एक बार फिर ड्रोन के जरिए हेरोइन तस्करी का मामला सामने आया है। बीएसएफ की सतर्कता से गांव 23-O के एक खेत से करीब डेढ़ किलो हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2.50 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। शुक्रवार शाम बीएसएफ को सूचना मिली कि गांव 23-O के पास खेत में संदिग्ध पैकेट पड़ा है। जानकारी मिलते ही जी ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। जांच में पीले रंग के पैकेट से हेरोइन निकली। टीम ने पैकेट को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पहले भी इसी इलाके में बरामद हुई थी हेरोइन
सूत्रों के अनुसार, कुछ सप्ताह पहले भी इसी गांव के पास एक खेत से हेरोइन का पैकेट बरामद हुआ था। माना जा रहा है कि पाकिस्तानी तस्कर ड्रोन के जरिए जीपीएस लोकेशन सेट कर भारतीय सीमा में नशे के पैकेट गिरा रहे हैं, जिन्हें भारतीय तस्कर उठाने की फिराक में रहते हैं।

बीएसएफ और पुलिस का संयुक्त सर्च ऑपरेशन
पैकेट बरामद होने के बाद बीएसएफ और पुलिस ने इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। सीमावर्ती गांवों के ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को दें। लगातार मिल रही हेरोइन की खेपों से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। बीएसएफ ने सीमाई चौकसी बढ़ा दी है और रात्रिकालीन गश्त को और सख्त किया गया है।