कपिल सरोवर का पानी हिलते ही बीकानेर में सर्दी ने पकड़ी रफ्तार, तीन दिन में 5 डिग्री गिरा पारा

बीकानेर मौसम

कपिल सरोवर का पानी हिलते ही बीकानेर में सर्दी ने पकड़ी रफ्तार, तीन दिन में 5 डिग्री गिरा पारा

दैनिक खबरां,बीकानेर। मरुधरा में सर्दी ने अब रफ्तार पकड़ ली है। पिछले तीन दिनों में तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। सुबह और शाम के समय चल रही ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़ों की तलाश में जुटा दिया है। स्कूली बच्चे अब स्वेटर पहनकर स्कूल पहुंच रहे हैं, वहीं देर रात रजाई की जरूरत महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले सप्ताह में रात के तापमान में और गिरावट होगी। फिलहाल बीकानेर का न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस है, जो अगले कुछ दिनों में घटकर 13 डिग्री तक पहुंच सकता है।

दिन का पारा भी धीरे-धीरे नीचे आने लगा है। अभी अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, लेकिन विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में दिन की गर्माहट भी कम होगी और सर्दी का असर दिनभर महसूस होने लगेगा।

स्थानीय मान्यता के अनुसार, कोलायत मेले के बाद बीकानेर में सर्दी की शुरुआत मानी जाती है। लोगों का कहना है कि “जैसे ही कोलायत सरोवर का पानी हिलता है, बीकानेर में सर्दी का आगाज़ हो जाता है।” इस बार भी वही परंपरागत मान्यता सही साबित होती दिख रही है। मेले के समापन के साथ ही मौसम का मिजाज बदल गया है।

मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि नवंबर के दूसरे और तीसरे सप्ताह तक बीकानेर में सर्दी पूरी तरह असर दिखाएगी। पश्चिमी विक्षोभ और उत्तरी हवाओं के चलते इस बार ठंड सामान्य से पहले दस्तक दे रही है।