दैनिक खबरां,बीकानेर। रविवार देर रात जम्मूतवी एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात ने यात्रियों में दहशत फैला दी। जानकारी के अनुसार गुजरात निवासी सैन्य जवान जिगर कुमार फिरोजाबाद से जम्मूतवी एक्सप्रेस में सवार होकर बीकानेर आ रहा था। इसी दौरान कोच में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि कोच अटेंडेंट्स ने मिलकर जवान पर चाकू से वार कर दिए।वारदात लूणकरणसर और बीकानेर के बीच हुई बताते है।
इस वारदात में जिगर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल पीबीएम ट्रॉमा सेंटर लाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी थानाधिकारी आनंद गिला मौके पर पहुंचे और कोच अटेंडेंट्स को निगरानी में लेकर पूछताछ शुरू की। वहीं देर रात सैन्य अधिकारी भी पीबीएम अस्पताल पहुंच गए। वारदात के बाद रेलवे प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया है। चाकूबाजी की यह वारदात चलती ट्रेन में सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

