कोलायत से दर्शन करके लौट रहें यात्रियों की गाड़ी ट्रेलर में घुसी,15 की मौत, 2 गंभीर घायल, सीएम नें जताया दुःख
दैनिक खबरां, बीकानेर। रविवार शाम टेंपो ट्रैवलर में सवार होकर कोलायत स्थित कपिल मुनि के दर्शन कर लौट रहें यात्रियों में 15 जनों की भीषण सड़क हादसे में मौत होने की खबर सामने आ रही है। घटना जोधपुर ज़िले के फलोदी क्षेत्र की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि भारतमाला हाईवे पर मतोड़ा थाना क्षेत्र में यात्रियों से भरी टेंपो ट्रैवलर खड़े ट्रेलर में जा घुसी। हादसे में 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर में सवार सभी लोग जोधपुर से कोलायत स्थित कपिल मुनि के दर्शन कर लौट रहे थे। शाम करीब साढ़े छह बजे जैसे ही वाहन मतोड़ा क्षेत्र के पास पहुंचा, अचानक आगे खड़े ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो ट्रैवलर का आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और शवों व घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद क्षेत्र में मातम छा गया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा “फलोदी के मतोड़ा क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। मेरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए गए हैं। प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”

