दीपावली पर सजे बाजार,जमकर होगी खरीददारी,आज से तीन दिन मुख्य बाजारों में वाहनों की एंट्री बंद, चप्पे-चप्पे पर पुलिस..
दैनिक खबरां,बीकानेर। दीपावली पर्व पर शहर के मुख्य बाजारों में भीड़ और जाम से बचाव के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। धनतेरस से दीपावली तक तीन दिन तक कोटगेट, केईएम रोड, कोयला गली, सट्टा बाजार, दाऊजी रोड समेत आसपास के इलाकों में वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। पुलिस प्रशासन ने खरीदारी करने वालों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग एरिया निर्धारित किए हैं। आमजन से अपील की गई है कि वे अपने वाहन उन्हीं निर्धारित स्थानों पर पार्क करें और पैदल बाजार में प्रवेश करें, ताकि यातायात सुचारू रहे।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे बाजार क्षेत्र में करीब 450 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सिविल वर्दी में भी जवान लगातार निगरानी रखेंगे। वहीं, पटाखा विक्रेताओं को सुरक्षा मानकों का पालन करने और सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इधर, दीपावली को लेकर बाजारों में रौनक परवान पर है। सजे-धजे दुकानों और आकर्षक ऑफर्स के बीच ग्राहकों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। व्यापारियों को उम्मीद है कि इस बार पिछले सालों की तुलना में बंपर खरीदारी देखने को मिलेगी।
GST स्लैब में कटौती का असर भी मार्केट में दिख रहा है। कई वस्तुओं पर टैक्स कम होने से उपभोक्ताओं का रुझान खरीदारी की ओर बढ़ा है। विशेषकर इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और ज्वेलरी सेक्टर में ग्राहकों का खासा उत्साह देखा जा रहा है। सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन, टीवी और टू-व्हीलर की बिक्री में पहले ही तेजी आ चुकी है। व्यापारियों का कहना है कि इस बार दीपावली सीजन में कारोबार में 20 से 25 प्रतिशत तक वृद्धि की उम्मीद है। वहीं प्रशासन की अपील है कि लोग सुरक्षा और सुविधा के लिए यातायात नियमों का पालन करते हुए ही खरीदारी का आनंद लें।

