बीकानेर: घने कोहरे में नेशनल हाईवे-62 पर कार और बस की भिड़ंत, पांच घायल
Bikaner News दैनिक खबरां। बीकानेर में नेशनल हाइवे संख्या 62 पर गुरुवार सुबह घने कोहरे के कारण सड़क हादसा हो गया। बीकानेर से पंजाब की ओर जा रही एक कार और बीकानेर की तरफ आ रही लोकल बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार में सवार पांच लोग घायल हो गए, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से पीबीएम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

लूणकरनसर थाने के एसआई अनूप कुमार ने बताया कि दुर्घटना के समय सड़क पर घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे विजिबिलिटी काफी कम थी। दोनों वाहनों की रफ्तार कम होने के चलते बड़ा हादसा होने से बच गया। हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान गंगाराम (63), मंजीत (60), उषा देवी (50), महेंद्र पाल (55) और तुलछा देवी (65) के रूप में हुई है। सभी को हाथ-पैर में चोटें आई हैं, जबकि सिर और छाती पर कोई गंभीर चोट नहीं है।
हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस को कार के भीतर प्रसाद मिला है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि सभी लोग किसी धार्मिक स्थल से दर्शन कर लौट रहे थे, संभवतः देशनोक या सालासर की यात्रा के बाद यह हादसा हुआ। पुलिस ने कार और बस दोनों को कब्जे में लेकर कोहरे के कारण हुई दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सभी घायलों की स्थिति स्थिर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।

