कोटगेट पुलिस ने दबोचा अंतरराज्यीय चोर, 35 लाख के आभूषण बरामद
Bikaner News दैनिक खबरां,बीकानेर। शहर में लगातार हो रही नकबजनी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए कोटगेट थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय चोरी गिरोह से जुड़े एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 35 लाख रुपये कीमत के सोने व हीरे के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अहमदाबाद निवासी महिला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद मामले की गहन जांच शुरू की गई थी। शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात बदमाशों ने मकान का ताला तोड़कर कीमती आभूषण और घरेलू सामान चोरी कर लिया। इस पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिलेभर में चोरी और नकबजनी के मामलों में शामिल अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत कोटगेट थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय सूचना के आधार पर मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में दबिश देकर लखवीर सिंह (25) निवासी वनग्राम पाचोरी, थाना खकनार को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने व हीरे के आभूषण बरामद हुए, जिनकी बाजार कीमत लगभग 35 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी का संबंध एक संगठित अंतरराज्यीय नकबजनी गिरोह से है और उससे आगे की पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों व पूर्व वारदातों की जानकारी मिलने की उम्मीद है।
इस कार्रवाई को पुलिस महानिरीक्षक हेमंत कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह एवं वृताधिकारी नगर अनुज डाल के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। ऑपरेशन में कोटगेट थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

