देर रात 8–10 युवकों के बीच भिड़ंत, चाकूबाजी में युवक हुआ घायल
दैनिक खबरां,बीकानेर। शहर में आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित वल्लभ गार्डन में देर रात 8–10 युवकों के बीच झगड़ा होने पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया, जिसमें एक युवक के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि हुई है।
थाना जयनारायण व्यास कॉलोनी के सीआई विक्रम तिवारी ने बताया कि वल्लभ गार्डन में कुछ युवकों के बीच आपस में लड़ाई हो गई। इस दौरान गणेश नामक युवक पर चाकू चलाने का आरोप है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। हमले में सर्वेश नाम के युवक को चोट आई है। उसके सिर के पीछे के हिस्से पर गहरी चोट बताई जा रही है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार घटना में दो युवकों को टांके लगाए गए हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही सभी तथ्यों और कारणों की पुष्टि की जाएगी। आरोपी युवक को बदमाश प्रवृत्ति का बताया जा रहा है, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

