
भोले-भाले ग्रामीणों के खातों से चलता था साइबर फ्रॉड का नेटवर्क, मास्टरमाइंड गिरफ्तार,करोड़ों के लेनदेन का खुलासा
दैनिक खबरां,बीकानेर। पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “म्यूल हंटर” के तहत खाजूवाला पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारी लाल मीणा एवं वृताधिकारी खाजूवाला अमरजीत चावला के सुपरविजन में की गई।
पुलिस के अनुसार, 24 मई 2026 को परिवादी मुकेश कुमार निवासी चक 14 बीडी, खाजूवाला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि आरोपी सुनील कुमार बिश्नोई और उसकी गैंग भोले-भाले ग्रामीणों को लालच देकर उनके बैंक खाते किराये पर लेते थे। इन खातों का उपयोग साइबर अपराध से जुड़े पैसों के लेनदेन में किया जाता था।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 25 मई 2026 को आरोपी सुनील कुमार बिश्नोई निवासी चक 08 केएलडी कुंडल, थाना खाजूवाला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले करीब तीन वर्षों से लोगों की बैंक डायरी, चेक बुक, एटीएम कार्ड और मोबाइल लेकर साइबर ठगी के लिए खातों का इस्तेमाल करता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी और उसकी गैंग द्वारा इन खातों में करोड़ों रुपये का लेनदेन किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि परिवादी से भी आरोपी ने लालच देकर तीन बैंक खाते किराये पर लिए थे, जिनमें करीब दो लाख रुपये की साइबर ठगी की रकम का लेनदेन हुआ। मामले में स्थानीय और बाहरी लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।

