बीकानेर पुलिस की होली: ड्यूटी की सख्ती के बीच मस्ती के रंग,एसपी जवानों संग थिरके, जमकर खेली होली
दैनिक खबरां,बीकानेर। आम दिनों में अनुशासन और कड़ी ड्यूटी के लिए पहचानी जाने वाली बीकानेर पुलिस इस बार होली के मौके पर रंगों और उमंग में डूबी नजर आई। पुलिस लाइन में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर जवानों तक सभी ने एक साथ रंगों का त्योहार मनाया और खुशियों को साझा किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह तथा बी.एल. मीणा सहित जिले के कई थानाधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। इस दौरान “हो गई तेरी बल्ले बल्ले” गीत बजते ही एसपी कावेंद्र सिंह सागर भी खुद को रोक नहीं पाए और जवानों के साथ मंच पर नृत्य करने लगे। उनके साथ पुलिस जवानों ने भी जमकर डांस किया और माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया। होली समारोह में महिला पुलिसकर्मियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिला पुलिस निरीक्षक कविता पूनिया ने भी गीतों की धुन पर नृत्य किया, वहीं महिला आरपीएस अधिकारियों ने पंजाबी गानों पर थिरकते हुए कार्यक्रम की रौनक बढ़ा दी। इस दौरान पुलिसकर्मी एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं देते नजर आए।
पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि होली के दौरान शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी कई दिनों से लगातार ड्यूटी कर रहे थे। खासतौर पर पुराने शहर के क्षेत्रों में अतिरिक्त तैनाती की गई थी। ऐसे में बुधवार को मौका मिलने पर पुलिस परिवार ने एक साथ मिलकर होली का आनंद लिया।
उधर जिले के अलग-अलग थानों में भी पुलिसकर्मियों ने आपस में रंग लगाकर होली का पर्व मनाया। हालांकि कुछ जवान ड्यूटी पर होने के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, लेकिन अधिकांश पुलिसकर्मियों ने मिलकर त्योहार की खुशियां साझा की।


1 thought on “बीकानेर पुलिस की होली: ड्यूटी की सख्ती के बीच मस्ती के रंग,एसपी जवानों संग थिरके, जमकर खेली होली”
Comments are closed.