किराया-टैक्स और रूट विवाद पर फूटा गुस्सा, निजी बसों का आज से चक्का जाम शुरू

बीकानेर राजस्थान विविध समाचार

किराया-टैक्स और रूट विवाद पर फूटा गुस्सा, निजी बसों का आज से चक्का जाम शुरू

बीकानेर। केंद्र व राज्य सरकार की परिवहन नीतियों के खिलाफ निजी बस ऑपरेटरों ने शनिवार से प्रदेशव्यापी सांकेतिक चक्का जाम शुरू कर दिया है। आंदोलन के चलते शहरी और ग्रामीण रूट पर निजी यात्री बसों का संचालन ठप रहेगा। हालांकि, वैवाहिक सीजन और विभिन्न परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए स्लीपर बसों को हड़ताल से अलग रखा गया है, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को कुछ राहत मिल सकेगी।


बस ऑपरेटर सोसायटी राजस्थान और बीकानेर बस ऑपरेटर यूनियन के संयुक्त आह्वान पर यह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। यूनियन के अनुसार, यह चक्का जाम पूरी तरह सांकेतिक है, जिसका उद्देश्य सरकार का ध्यान लंबे समय से लंबित मांगों की ओर आकर्षित करना है।
बस ऑपरेटरों ने मुख्यमंत्री के नाम 15 सूत्रीय मांग पत्र संबंधित जिलों के कलेक्टरों को सौंपा है।

मांगों में निजी बस किरायों को पड़ोसी राज्यों के अनुरूप करने, चुनाव ड्यूटी में निजी बसों के लिए समान किराया लागू करने, राष्ट्रीयकृत मार्गों पर ओवरलैप सीमा 25 किलोमीटर से बढ़ाकर 50 किलोमीटर करने और ग्रामीण रूट पर लगाए गए टैक्स को माफ करने जैसी प्रमुख बातें शामिल हैं। यूनियन अध्यक्ष समुद्र सिंह राठौड़, शिव सिंह गरबदेसर, गौरव सिंह एवं खाजूवाला से मनोहर सिंह सिसोदिया ने बताया कि आमजन को कम से कम असुविधा हो, इसी कारण स्लीपर बसों को फिलहाल हड़ताल से बाहर रखा गया है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जा सकता है।