चार दिन बैंक बंद! हड़ताल और छुट्टियों से बैंकिंग सेवाएं रहेगी ठप, देर रात आया ये अलर्ट..

बीकानेर राजस्थान विविध समाचार

चार दिन बैंक बंद! हड़ताल और छुट्टियों से बैंकिंग सेवाएं रहेगी ठप, देर रात आया ये अलर्ट..

Bikaner News दैनिक खबरां। बैंक से जुड़े काम करने वाले ग्राहकों के लिए यह खबर बेहद जरूरी है। छुट्टियों और प्रस्तावित हड़ताल के चलते आने वाले दिनों में लगातार चार दिन तक बैंकों में सामान्य कामकाज प्रभावित रहने की आशंका है। 27 जनवरी को देशव्यापी बैंक हड़ताल को लेकर देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक State Bank of India (SBI) ने भी देर रात आधिकारिक सूचना जारी कर ग्राहकों को सतर्क किया है।


एसबीआई ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर जारी नोटिस में बताया कि बैंक यूनियनों द्वारा 26 जनवरी की आधी रात के बाद से 27 जनवरी तक हड़ताल का आह्वान किया गया है। बैंक प्रबंधन ने शाखाओं और कार्यालयों में सेवाएं बनाए रखने की तैयारी की है, लेकिन हड़ताल के कारण बैंकिंग कार्य प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है। बैंक ने ग्राहकों से अपील की है कि किसी भी असुविधा से बचने के लिए नेट बैंकिंग, YONO ऐप और UPI जैसी डिजिटल सेवाओं का उपयोग करें, जो सामान्य रूप से चालू रहेंगी।


इधर जोधपुर में United Forum of Bank Unions (UFBU) के बैनर तले बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। यूनियन नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। यूनियन के अनुसार छुट्टियों और हड़ताल के कारण 24 जनवरी को चौथा शनिवार होने से अवकाश रहेगा, 25 जनवरी रविवार की साप्ताहिक छुट्टी होगी, 26 जनवरी गणतंत्र दिवस का राजपत्रित अवकाश रहेगा, जबकि 27 जनवरी को 5-डे बैंकिंग समेत विभिन्न मांगों को लेकर देशव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। ऐसे में लगातार चार दिन तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेगी ।