बसंत पंचमी से होली की धमाल का आगाज़, लालानी व्यासों के चौक में गूंजा चंग
Bikaner News दैनिक खबरां,बीकानेर। प्रकृति के बदलते मिज़ाज और ऋतु परिवर्तन के संदेश के साथ बसंत पंचमी ने शहर में उल्लास, आनंद और लोक-संगीत की मधुर शुरुआत कर दी। इसी परंपरा को निभाते हुए लालानी व्यासों के चौक में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर ज्ञान, संगीत और कला की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती का विधिवत पूजन किया गया। पूजन के पश्चात चंग का पूजन कर पारंपरिक चंग धमाल के साथ होली महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ हुआ।
चंग की थाप पर रंग-बिरंगे लोकगीतों की गूंज ने वातावरण को पूरी तरह बसंती रंग में रंग दिया। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के अनुसार अब यह चंग धमाल होली तक निरंतर चलता रहेगा, जिसमें शहर के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में युवा और लोक-संस्कृति प्रेमी मौजूद रहे। चंग की थाप पर थिरकते कदम, फाग गीतों की मधुर स्वर-लहरियां ने आयोजन को यादगार बना दिया।
आयोजन में अभिषेक पुरोहित, एडवोकेट मुकुंद व्यास, अजय पुरोहित, अक्षय व्यास, मिथुन पुरोहित, विष्णु कांत व्यास, संदीप व्यास, सुरेश पुरोहित, बिट्ठल व्यास सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। बसंत पंचमी से शुरू हुआ यह लोक-सांस्कृतिक उत्सव न केवल होली के रंगों का संकेत देता है, बल्कि बीकानेर की समृद्ध परंपरा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत को भी जीवंत बनाए रखता है।

