श्री बजरंग धोरा धाम में 66वें पाटोत्सव का शुभारंभ, रामचरित- मानस अखंड पाठ से गूंजा परिसर
Bikaner News दैनिक खबरां,बीकानेर। पूगल रोड स्थित श्री बजरंग धोरा धाम में मंदिर के 66वें पाटोत्सव (स्थापना दिवस) के पावन अवसर पर शुक्रवार को धार्मिक श्रद्धा और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रामचरितमानस अखंड पाठ का विधिवत शुभारंभ हुआ। अखंड पाठ का आरंभ सायं 4:15 बजे मंगलाचरण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

पाटोत्सव के तहत परंपरागत रूप से बाबा जी के मंदिर की दूध की धारा से परिक्रमा कर विशेष आरती की गई। इस दौरान संपूर्ण मंदिर परिसर “जय बजरंग बली” के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया।
मंदिर के पुजारी आशीष दाधीच ने बताया कि रामचरितमानस का यह अखंड पाठ पंडित श्रवण व्यास एंड पार्टी द्वारा संपन्न कराया जा रहा है, जो निरंतर 24 घंटे तक चलेगा। पाटोत्सव के अंतर्गत धार्मिक परंपराओं के अनुरूप विभिन्न अनुष्ठान और कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पाटोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर को फूलों एवं आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया।

पंडित बृजमोहन दाधीच द्वारा बजरंग बली का विधिवत अभिषेक कर विशेष श्रृंगार किया गया। बाबा को पीले वस्त्रों से सुशोभित किया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम में पधारे विद्वान पंडितों के सम्मान में अनुज दाधीच द्वारा सभी पंडितों का तिलक कर, उपरणा ओढ़ाकर तथा बाबा की तस्वीर भेंट कर अभिनंदन किया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर प्रांगण में सौहार्दपूर्ण और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
अखंड पाठ के दौरान गोस्वामी तुलसीदास जी की पावन चौपाइयों—
“राम नाम मणि दीप धरु जीह देहरी द्वार।”
तथा
“कलियुग केवल नाम अधारा, सुमिर-सुमिर नर उतरहि पारा।”
के पाठ से श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
पुजारी आशीष दाधीच ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने, जल एवं प्रसाद की समुचित व्यवस्था की गई है। अखंड पाठ का समापन अगले दिन विशेष आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ किया जाएगा।

