बिजली संकट पर कोलायत विधायक अंशुमान सिंह की बड़ी पहल, 16 नए 33 केवी जीएसएस का प्रस्ताव सरकार को भेजा
Bikaner News दैनिक खबरां। कोलायत विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग और बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने ठोस पहल की है। क्षेत्र में लगातार बढ़ते विद्युत भार को देखते हुए विधायक भाटी ने 16 नए 33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) स्वीकृत कराने को लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर, ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, जोधपुर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को विस्तृत पत्र प्रेषित किया है।
पत्र में विधायक भाटी ने उल्लेख किया कि कोलायत व बज्जू उपखंड क्षेत्रों में भू-जल उपलब्धता के कारण नलकूपों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। इसके साथ ही नहरी क्षेत्र, दूरस्थ ढाणियाँ, छोटे-छोटे उद्योग जैसे आटा चक्की व वेल्डिंग इकाइयाँ, मोबाइल टावर, जलदाय विभाग के ट्यूबवेल और घरेलू विद्युत कनेक्शनों की संख्या बढ़ने से विद्युत तंत्र पर अत्यधिक दबाव पड़ गया है। इसका सीधा असर ग्रामीण उपभोक्ताओं, किसानों और छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है, जिन्हें घंटों बिजली गुल रहने, लो-वोल्टेज और बार-बार फाल्ट जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक भाटी ने अपने पत्र में बज्जू उपखंड क्षेत्र के बिजेरी, आरडी-888 बांगड़सर (आईजीएनपी मैन कैनाल), आरडी-80 बरसलपुर ब्रांच, गोगड़ियावाला, जग्गासर, छीला कश्मीर, गज्जेवाला, सेवड़ा और भूरासर तथा कोलायत उपखंड क्षेत्र के खेतोलाई-शिम्भू, गुढा, मण्डाल भाटियान, शरह थूम्बली, राणासर-लाखासर, अंगनेऊ और सोलंकियों की ढाणी-शिम्भू का भूर्ज में नए 33 केवी जीएसएस स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इन ग्रिड सब-स्टेशनों की स्वीकृति नहीं दी गई तो आने वाले वर्षों में स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।
विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि कोलायत क्षेत्र के किसानों, ग्रामीणों और उद्यमियों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य सरकार के सहयोग से जल्द ही इन समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वर्तमान कार्यकाल में चारणवाला, गड़ियाला, गोविन्दसर, बरसलपुर, तंवरवाला, हाड़ला रावलोतान, नगरासर, दासुडी और सियाणा में 33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन पहले ही स्वीकृत हो चुके हैं, जिनकी टेंडर प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है और संबंधित एजेंसियों द्वारा कार्य प्रारंभ करने की प्रक्रिया प्रगति पर है।
विधायक भाटी के अनुसार हदां जीएसएस का निर्माण कार्य 31 जनवरी 2026 तक पूर्ण होने की संभावना है, जिससे खरीफ फसल 2026 के दौरान किसानों को बिजली से जुड़ी परेशानियों से राहत मिलेगी। इसके साथ ही 220 केवी जीएसएस नोखड़ा, बीकमपुर, चक मूलाजमान और पलाना तथा 132 केवी जीएसएस केहरली, आरडी-837, शीशा, मण्डाल चारणान और भेलू का कार्य भी प्रगति पर है, जिन्हें समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। कुल मिलाकर कोलायत विधानसभा में विद्युत ढांचे को मजबूत करने की यह पहल क्षेत्र के विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए अहम मानी जा रही है।

