कोटगेट पुलिस का बड़ा खुलासा, करोड़ों की नकबजनी में आरोपी को मध्यप्रदेश से दबोचा
दैनिक खबरां,बीकानेर। कोटगेट थाना क्षेत्र में हुई करोड़ों की नकबजनी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर आरोपी को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है। लंबे समय से लंबित इस मामले में थाना स्तर पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया। घटना 24 अगस्त 2025 की है। अहमदाबाद (गुजरात) निवासी शशिकला सोनी के बीकानेर स्थित मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर सोने-चांदी के कीमती आभूषण और चांदी के बर्तन चोरी कर ले गए थे। पीड़िता की रिपोर्ट पर 25 अगस्त 2025 को कोटगेट थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जिले में चोरी व नकबजनी के पुराने मामलों में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोटगेट पुलिस ने इस मामले में तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और आसूचना तंत्र के जरिए आरोपी की पहचान कर उसे मध्यप्रदेश से डिटेन किया गया, जिसके बाद गहन पूछताछ के बाद गिरफ्तारी की गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और नकबजनी से जुड़े अन्य मामलों में भी खुलासे की संभावना है। माल बरामदगी को लेकर जांच जारी है।

