अवैध बसों का आतंक! नोखा– बीकानेर रूट पर भिड़े संचालक, यात्री जान बचाकर भागे, वीडियो हुआ वायरल..

बीकानेर

अवैध बसों का आतंक! नोखा–बीकानेर रूट पर भिड़े संचालक, यात्री जान बचाकर भागे

दैनिक खबरां,बीकानेर। बीकानेर के नोखा–बीकानेर बस रूट पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वैध परमिटधारी और बिना परमिट चल रही निजी बसों के संचालकों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। बस स्टैंड क्षेत्र में सरेआम मारपीट होने से यात्रियों में दहशत फैल गई और कई लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखे।
मिली जानकारी के अनुसार इस रूट पर लंबे समय से बिना परमिट बसें चल रही हैं, जिसका वैध संचालक लगातार विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि अवैध संचालन से न केवल परिवहन नियमों की अनदेखी हो रही है, बल्कि उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हाथापाई में तब्दील हो गई। झड़प के दौरान यात्रियों की सुरक्षा पर भी गंभीर खतरा पैदा हो गया।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की जा सकी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नोखा–बीकानेर रूट पर इस तरह के विवाद पहले भी होते रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।