कॉर्पेट मजदूर का भेष बदलकर बीकानेर पुलिस ने गुजरात से दबोचे दो हत्यारे, महीनों से थे फरार
वारदात के बाद मुंबई, दिल्ली, गुरुग्राम, पुणे, अहमदाबाद व गांधीनगर में काटी फरारी
दैनिक खबरां,बीकानेर। देशनोक थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे और पुलिस अधीक्षक की ओर से इन पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस नें कॉर्पेट मजदूर का भेष बदलकर गुजरात के गांधीनगर से दोनों आरोपियों को दबोचा।
प्रकरण के अनुसार 30 नवंबर 2025 को देशनोक थाने में लक्ष्मीनारायण पुत्र मोटाराम जाट निवासी पांचू,बीकानेर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका भाई अशोक कुमार देशनोक में परचून व चाय की दुकान चलाता था। 29 नवंबर की रात आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया और रोही ग्राम चिताणा में उसके साथ मारपीट की। गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान अशोक कुमार की मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर बीकानेर रेंज और जिला स्तर से विशेष निगरानी में देशनोक थाने पर अलग-अलग टीमें गठित की गईं। आरोपी वारदात के बाद लगातार ठिकाने बदलते रहे और मुंबई, नई दिल्ली, गुरुग्राम, पुणे, अहमदाबाद व गांधीनगर में छिपकर फरारी काटते रहे।
आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम ने मजदूर व कॉर्पेट बिछाने वाले के रूप में काम करते हुए योजनाबद्ध तरीके से सुराग जुटाए। तकनीकी सहयोग और लगातार प्रयासों के बाद दोनों आरोपियों को गांधीनगर से दबोचा गया, जहां वे कॉर्पेट का काम कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमप्रकाश पुत्र केशुराम जाट उम्र 24 वर्ष निवासी पांचू, थाना पांचू, जिला बीकानेर तथा नरसीराम पुत्र बचनाराम उर्फ रतनाराम जाट उम्र 28 वर्ष निवासी लक्ष्मणनगर, चिमाणा, थाना चाखू, जिला फलोदी के रूप में हुई है। दोनों से घटना के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है और आगे की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में देशनोक थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें थानाधिकारी सुमन शेखावत के नेतृत्व में टीकूराम, दीपक यादव (साइबर सेल), नारायणदान, दिनेश, सचिन तथा कांस्टेबल राजेंद्र शामिल रहे।

