बीकानेर: अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी से दहशत में लड़की नें की आत्महत्या,तीन युवकों पर FIR दर्ज

पुलिस कार्रवाई बीकानेर बीकानेर पुलिस

अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी से दहशत में लड़की नें की आत्महत्या,तीन युवकों पर FIR दर्ज

दैनिक खबरां,बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय किशोरी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों ने तीन युवकों पर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मानसिक प्रताड़ना देने के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके चलते किशोरी ने यह कदम उठाया। परिजनों की रिपोर्ट पर गंगाशहर पुलिस नें रविवार को BNS की धारा 108 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।

थाने में दी रिपोर्ट के अनुसार, प्रार्थी ने बताया कि उसकी भानजी ने शनिवार रात कमरे का दरवाजा बंद कर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर शव को मोर्चरी में रखवाया।

एक साल से चल रही थी धमकियों की कहानी
प्रार्थी ने रिपोर्ट में बताया कि करीब एक वर्ष पहले बुद्धराम खाऱ्या, मलीनाथ, प्रदीप और आशीष नाम के युवक घर आए थे और उसकी भांजी को धमकी दी थी कि उनके पास उसका अश्लील वीडियो है। कहा था कि फोन आने पर वह उनकी बताई जगह पर पहुंचे। इस बात की जानकारी भांजी ने अपनी मां को दी और फिर पूरा मामला परिवार तक पहुंचा। समाज में बदनामी के डर से उस समय परिजनों ने मुकदमा दर्ज नहीं करवाया।

घटना से कुछ घंटे पहले फिर आई धमकी
रिपोर्ट के अनुसार, 22 नवंबर की शाम को बुद्धराम का फिर फोन आया और धमकी दी कि यदि वह उसकी बताई जगह नहीं आई तो वीडियो वायरल कर दिया जाएगा। इसी भय और दबाव में उसकी भांजी ने कमरे में जाकर फंदा लगा लिया। परिजनों ने पुलिस को किशोरी के पास मौजूद दोनों मोबाइल फोन सौंपे हैं, जिनमें आरोपित युवकों के फोन नंबर और उनकी बातचीत के साक्ष्य होने की बात कही गई है।

गंगाशहर पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर BNS 2023 की धारा 108 (उत्पीड़न एवं आत्महत्या के लिए उकसाने संबंधी प्रकरण) में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उप निरीक्षक हरसुखराम को सौंपी गई है। पुलिस आरोपितों की भूमिका और मोबाइल में चैट फोटो और VIDEO की जांच कर रही है।