व्यास कॉलोनी में दिनदहाड़े युवक का अपहरण,पिस्टल के बट से हमला,रास्तेभर मारपीट, चेयरमैन सहित 10–15 लोगों पर मामला दर्ज
दैनिक खबरां,बीकानेर। शहर की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करते हुए क्रय-विक्रय समिति के चेयरमैन हरीराम सियाग सहित 10–15 आरोपियों पर युवक का दिनदहाड़े अपहरण करने और पिटाई करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना व्यास कॉलोनी के मूर्ति चौराहे की है, जहां से बदमाश नवीन को जबरन बोलेरो में डालकर ले गए और रास्ते में पिस्टल के बट से हमला किया।
इस संबंध में राजनगर निवासी दुर्गाराम पुत्र भैराराम जाट ने थाना जेएनवीसी में रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के अनुसार रंजिश की शुरुआत 20 नवंबर को हुई, जब उनकी भतीजी को स्कूल जाते समय हर्षित सियाग ने गाली दी। विरोध करने पर हर्षित व उसकी रिश्तेदार महिला पुष्पा घर में घुस गईं और भांजे की बेटी से मारपीट कर गईं। बाद में जान से मारने की धमकी भी दी।
चेयरमैन ने दी थी फोन पर धमकी!
पुलिस को दी रिपोर्ट में आरोप है कि 21 नवंबर की रात करीब 9.30 बजे चेयरमैन हरीराम सियाग ने उसके भांजे को फोन कर साफ-साफ धमकी दी कि “परिवार को उठाकर ले जाएंगे और खत्म कर देंगे।”
अगले दिन दिनदहाड़े अपहरण और बर्बर मारपीट
प्रार्थी के अनुसार अगली सुबह उसका भांजा नवीन मूर्ति चौराहे पर खड़ा था कि तभी 5–7 मोटरसाइकिल और बोलेरो कैंपर RJ07 UC 2799 पर सवार 10–15 हमलावर वहां पहुंचे। सभी ने एक राय होकर नवीन को धक्का देकर बोलेरो में ठूंस दिया और पेमासर की ओर ले गए। रास्ते में हरीराम, गणेशाराम, विकास, हर्षित और अन्य ने लात-घूंसे बरसाए और गणेशाराम ने कथित अवैध पिस्टल के बट से उसके चेहरे पर वार किया। अपहरण की सूचना के बाद प्रार्थी नें पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस नें नवीन को सकुशल बरामद कर लिया। अपहरण की पुष्टि नवीन नें पुलिस के सामने की। प्रार्थी की रिपोर्ट पर जेएनवीसी पुलिस नें आरोपियों में हरीराम सियाग, गणेशाराम सियाग, विकास पुत्र गणेशाराम, हर्षित सियाग, जयसिंह पुत्र आनंदसिंह, दिनेश पुत्र श्रवण, रोहित, नरेन्द्र, रोहिताश व अन्य 10–15 व्यक्तियों गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह को सौंप दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिशें दे रही है।

