दैनिक खबरां नें निभाई जिम्मेदारी: ईमानदार दुकानदार ने सड़क पर मिला पर्स उसके मालिक को लौटाया

बीकानेर

दैनिक खबरां नें निभाई जिम्मेदारी: ईमानदार दुकानदार ने सड़क पर मिला पर्स उसके मालिक को लौटाया

दैनिक खबरां,बीकानेर। मीडिया की जिम्मेदारी और ईमानदारी का अनूठा उदाहरण सामने आया है, जहां दैनिक खबरां में मंगलवार को प्रकाशित एक छोटी-सी खबर एक बड़ी मददगार साबित हुई। घड़सीसर रोड पर मिला रूपयों और दस्तावेजों से भरा पर्स उसके असली मालिक तक पहुंच गया, और इस नेक काम में अहम भूमिका निभाई एक छोटे दुकानदार व दैनिक खबरां की समय पर दी गई सूचना ने।

घटना के अनुसार, श्री रामा मिष्ठान भंडार, गोगा गेट के संचालक राजा राम माली के पुत्र विनोद कुमार माली को सड़क पर एक पर्स मिला जिसमें नकद राशि, तीन एटीएम कार्ड, चांदी की मूर्ति, गाड़ी की आरसी सहित कई महत्वपूर्ण कागजात थे। विनोद माली ने पर्स को सुरक्षित रखते हुए NSUI के राजेश चौधरी को जानकारी दी। जिसके बाद चौधरी नें दैनिक खबरां के माध्यम से सूचना साझा की, ताकि पर्स उसके असली मालिक तक पहुंच सके। समाचार प्रकाशित होते ही आज बुधवार को पर्स का मालिक निर्मल सुथार निवासी गंगाशहर सामने आया।

निर्मल सुथार ने बताया कि उनका पर्स घड़सीसर रोड पर शिव लक्ष्मी टेलर के पास गिर गया था। काफी तलाश के बाद भी पर्स नहीं मिला, जिससे उन्होंने उम्मीद छोड़ दी थी। लेकिन दैनिक खबरां में खबर देखने के बाद वे तुरंत संपर्क में आए और पर्स प्राप्त कर सके। निर्मल सुथार ने विनोद माली की ईमानदारी और दैनिक खबरां की भूमिका दोनों की सराहना करते हुए कहा “आज के जमाने में भी ईमानदार लोग और जिम्मेदार मीडिया मौजूद है, यह जानकर दिल को सुकून मिला।”