बेटे की शादी की तैयारी में नाचते-नाचते पिता की मौत, खुशियों का माहौल मातम में बदला
दैनिक खबरां,बीकानेर। बंगला नगर में मंगलवार को खुशियों से भरा माहौल मातम में बदल गया, जब बेटे की शादी की खुशी में नाच रहे पिता की अचानक मौत हो गई। परिवार में कोहराम मच गया और घर की महिलाएं व बच्चे बेसुध हो गए। जानकारी के अनुसार, बंगला नगर निवासी पूनमचंद प्रजापत के बेटे पंकज की शादी 25 नवम्बर को होनी थी। आज घर में बड़ी का मांगलिक कार्यक्रम चल रहा था। परिवारजन और रिश्तेदार मिलकर आंगन में नृत्य कर रहे थे। इसी दौरान पूनमचंद अचानक गिर पड़े और उनकी तबीयत बिगड़ गई।
परिजन और पड़ोसी उन्हें तुरंत पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृत्यु की सूचना मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल में मौजूद उनकी दोनों बेटियां अंजू और राजू रो-रोकर बेसुध हो गईं। जिस बेटे की शादी की तैयारी चल रही थी, वह पंकज जयपुर में काम करता है और बुधवार को घर पहुंचने वाला था। परिवार ने उसे घटना की सूचना भेज दी है।
तबीअत बिगड़ने की खबर मिलते ही भाजपा जिला उपाध्यक्ष व कुम्हार समाज के प्रदेशाध्यक्ष एडवोकेट अशोक प्रजापत तुरंत अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से बातचीत की, लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। अस्पताल में श्री कुम्हार महासभा जिलाध्यक्ष त्रिलोकचंद गेधर, जेठाराम कलोड़, बजरंग वर्मा, किशन संवाल सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने परिवार को ढांढस बंधाया और गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

