नाल पुलिस व डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई में 48.55 ग्राम एमडी सहित एक युवक गिरफ्तार
दैनिक खबरां,बीकानेर। पुलिस थाना नाल एवं जिला स्पेशल टीम (DST) ने शनिवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर एक और बड़ी सफलता हासिल की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी फिरोज खान पुत्र जमालदीन निवासी धोलाधर माताजी मंदिर के पीछे, चाण्डक वाली कॉलोनी, गेमनापीर रोड से 48.55 ग्राम एमडी बरामद कर उसे गिरफ्तार किया है।
बीकानेर रेंज आईजी हेमन्त शर्मा एवं एसपी कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अति. पुलिस अधीक्षक शहर सौरभ तिवाड़ी तथा सीओ गंगाशहर हिमांशु शर्मा के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
गश्त के दौरान मिली पुख्ता आसूचना पर थानाधिकारी नाल अशोक कुमार (उनि, आईसी) अपनी टीम समेत मौके पर पहुंचे और संदिग्ध युवक फिरोज खान को रुकवाकर उसकी तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 48.55 ग्राम एमडी मादक पदार्थ बरामद हुआ। आरोपी को मौके पर ही पकड़कर उसके खिलाफ NDPS Act में मामला दर्ज किया गया। आगे की जांच सुरेन्द्र पचार, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी पुलिस थाना सदर को सुपुर्द की गई है। पुलिस मामले की गहन पड़ताल कर रही है कि आरोपी यह मादक पदार्थ कहां से लाया और किसे सप्लाई करने वाला था।

