पब्लिक पार्क गेट की दुर्दशा पर अब प्रशासन से जवाब-तलब: मंत्री मेघवाल और खींवसर ने मांगी रिपोर्ट

बीकानेर

पब्लिक पार्क गेट की दुर्दशा पर अब प्रशासन से जवाब-तलब: मंत्री मेघवाल और खींवसर ने मांगी रिपोर्ट

दैनिक खबरां,बीकानेर। शहर की ऐतिहासिक धरोहरों में शुमार पब्लिक पार्क का मुख्य गेट, जो लंबे समय से खस्ताहाल हालत में बंद पड़ा है, आखिरकार शुक्रवार को हुई राज्य सरकार की बजट समीक्षा बैठक में इसका मुद्दा उठा। दैनिक खबरां ने बीते दिनों इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े किए थे। अब वही मुद्दा सरकारी समीक्षा बैठक तक जा पहुंचा है।

जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस बैठक में केंद्रीय कानून मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री व जिला प्रभारी मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने जब अधिकारियों से विकास कार्यों की समीक्षा ली, तो बीकानेर पूर्व विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी ने शहर की सड़कों, सूरसागर जीर्णोद्धार और पब्लिक पार्क गेट की मरम्मत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

विधायक ने स्पष्ट कहा कि ऐतिहासिक धरोहरों की उपेक्षा शहर की पहचान को धूमिल कर रही है। इसके बाद मंत्री मेघवाल और खींवसर ने संबंधित विभागों से जवाब मांगा कि आखिर महीनों बीत जाने के बाद भी गेट की मरम्मत का कार्य शुरू क्यों नहीं हुआ? बैठक में यह भी चर्चा रही कि इस मार्ग से रोजाना जिला प्रशासन, बीडीए और नगर निगम के अधिकारी गुजरते हैं, लेकिन किसी ने भी इस टूटी विरासत की सुध नहीं ली। सूत्रों के अनुसार, गेट की मरम्मत का टेंडर करीब एक माह पहले ही हो चुका है, लेकिन कार्य आदेश जारी करने और काम शुरू कराने में विभागों की ढुलमुल नीति और सुस्ती साफ झलक रही है।