बीकानेर का ऐतिहासिक पब्लिक पार्क गेट बदहाल: जूनागढ़ के सामने विरासत रो रही खामोश!
दैनिक खबरां,बीकानेर(नारायण उपाध्याय)। शहर का ऐतिहासिक पब्लिक पार्क, जो बीकानेर रियासतकाल की अनेक यादें संजोए हुए है, आज अपनी उपेक्षा की मार झेल रहा है। जूनागढ़ के सामने स्थित इस पार्क का मुख्य प्रवेश द्वार, जो कभी शानो-शौकत और राजसी वैभव की पहचान था, आज खस्ताहाल हालत में बंद पड़ा है। दरअसल, गेट का एक हिस्सा काफी समय पहले क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से इसे बंद कर दिया गया। उस समय उम्मीद थी कि प्रशासन शीघ्र मरम्मत कराकर इसे पुनः आकर्षण का केंद्र बनाएगा, लेकिन अफसोस,यह उम्मीद अब तक अधूरी है।
सूत्रों के अनुसार, गेट की मरम्मत का टेंडर एक महीने पहले ही हो चुका है, मगर काम शुरू नहीं हुआ। हैरानी की बात यह है कि इस मार्ग से जिले के आला अधिकारी, मंत्री और जनप्रतिनिधि रोज गुजरते हैं, फिर भी किसी की नज़र इस विरासत की दुर्दशा पर नहीं पड़ती। वर्तमान में गेट को पुलिस बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया है। स्थिति यह है कि प्रशासन अगर चाहे तो कुछ घंटों में इसकी मरम्मत करवा सकता है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की अनदेखी इस ऐतिहासिक धरोहर को धीरे-धीरे मुरझाने पर मजबूर कर रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में दीपावली के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर और पब्लिक पार्क क्षेत्र को रोशनी से जगमग कर दिया गया था, जिसकी तस्वीरें और रीलें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं। दो दिन की सजावट पर लाखों रुपये खर्च किए जा सकते हैं, लेकिन वही प्रशासन एक विरासत गेट की मरम्मत के लिए सक्रिय नहीं हो पा रहा है। यह सोचने और शर्मिंदा होने वाली बात है। अब देखना यह होगा कि जूनागढ़ के सामने यह ऐतिहासिक गेट कब प्रशासन की आँखें खोलेगा, और कब इस विरासत को उसका सम्मान वापस मिलेगा। देखें वीडियो 👇

