सूर्यग्रहण आज, लोगों में असमंजस, खगोलविदों ने दी साफ जानकारी
दैनिक खबरां,बीकानेर। आज रात लगने वाले सूर्यग्रहण को लेकर लोगों में उत्सुकता और असमंजस बना हुआ है। कई लोग जानना चाहते हैं कि क्या यह भारत में दिखाई देगा और इसका असर रहेगा। खगोलविदों के अनुसार यह आंशिक सूर्यग्रहण है, जो भारतीय समयानुसार रात 10 बजकर 59 मिनट पर शुरू होकर तड़के 3 बजकर 23 मिनट तक चलेगा।
विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया है कि यह ग्रहण भारत में कहीं भी दिखाई नहीं देगा, क्योंकि उस समय सूर्य अस्त हो चुका होगा। यह मुख्य रूप से अमेरिका, कनाडा और यूरोप के कुछ हिस्सों में देखा जा सकेगा। ऐसे में भारत में इसका कोई दृश्य प्रभाव नहीं होगा।
धार्मिक मान्यताओं की दृष्टि से भी भारत में इस ग्रहण का सूतक काल लागू नहीं होगा, क्योंकि सूतक केवल तभी माना जाता है जब ग्रहण किसी स्थान पर प्रत्यक्ष रूप से दिखाई दे। इसलिए पूजा-पाठ, दान-पुण्य और अन्य धार्मिक गतिविधियों पर कोई रोक नहीं है।
खगोल विज्ञानियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और ग्रहण से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों को समझें। वैज्ञानिकों का कहना है कि जब ग्रहण भारत में दिखाई ही नहीं देगा तो इसका कोई भौतिक या स्वास्थ्य संबंधी असर भी नहीं होगा।
हालांकि, जिन देशों में ग्रहण दिखाई देगा वहां के लोग इसे केवल विशेष चश्मे या वैज्ञानिक तरीकों से ही देख पाएंगे। बिना सुरक्षा के सीधे सूर्य की ओर देखना आँखों के लिए हानिकारक हो सकता है।

